पीहर से ससुराल लौटने के कुछ घंटे बाद विवाहिता की मौत,
1 min readपीहर से ससुराल लौटने के कुछ घंटे बाद विवाहिता की मौत,
कमरे में फंदे से लटका मिला शव; तीन लाख दहेज मांगने का आरोप,
बाड़ी,
बाड़ी शहर के कायस्थपाड़ा मोहल्ले में सोमवार शाम 26 वर्षीय विवाहिता सुजाता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। विवाहिता सोमवार सुबह ही पीहर से पति के साथ ससुराल लौटी थी। शाम को उसकी मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं।
आगरा के रुनकत्ता थाना क्षेत्र निवासी रूपसिंह कोली ने बताया कि उनकी बेटी सुजाता की शादी 21 अप्रैल 2026 को बाड़ी निवासी पंकज कोली के साथ हुई थी। शादी में दो लाख रुपए नकद, बाइक सहित सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के एक माह बाद से ही ससुराल पक्ष तीन लाख रुपए अतिरिक्त दहेज की मांग कर बेटी को मानसिक एवं शारीरिक रूप से परेशान कर रहा था। दीपावली दूज पर पीहर आने के दौरान सुजाता ने परिजनों को अपनी परेशानी बताई थी। सोमवार सुबह पति उसे वापस ससुराल लेकर आया और शाम को उसकी मौत की सूचना मिल गई।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। एसआई भगवत सिंह के अनुसार, मृतका के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच बाड़ी सीओ को सौंपी गई है। विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

