November 18, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

बरौली में 4:19 बजे पड़ा पहला वोट, सुबह से शाम तक बूथ पर पसरा रहा सन्नाटा,

1 min read
Spread the love

खूनी संघर्ष के साये में लोकतंत्र की दस्तक: बरौली में 4:19 बजे पड़ा पहला वोट, सुबह से शाम तक बूथ पर पसरा रहा सन्नाटा,

युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार, प्रशासन की समझाइश पर महिला मुकेशबाई और बुजुर्ग सुगनलाल ने की मतदान की शुरुआत,

सरमथुरा, न्यूज।
सरमथुरा पंचायत समिति क्षेत्र की बरौली ग्राम पंचायत में सोमवार को पंचायत चुनाव का मतदान हिंसा और दहशत के साये में नजर आया। बीती रात चुनावी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग में एक युवक की मौत और दूसरे के घायल होने की घटना के बाद गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। इसका असर मतदान केंद्रों पर साफ दिखाई दिया, जहां सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा और मतदाता वोट डालने नहीं पहुंचे।
हालात ऐसे रहे कि सुबह मतदान प्रक्रिया शुरू होने से लेकर दोपहर तक बूथ पर मतदाताओं की मौजूदगी नहीं के बराबर रही। शाम 4 बजे तक मतदान केंद्र पर एक भी वोट नहीं पड़ा था। मतदानकर्मी मतदाताओं के आने का इंतजार करते रहे, जबकि प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी ग्रामीणों को मतदान के लिए समझाने में जुटे रहे।
काफी देर तक चली समझाइश और प्रशासन की अपील के बाद आखिरकार शाम 4 बजकर 19 मिनट पर पहला वोट पड़ा। गांव की महिला मतदाता मुकेशबाई और बुजुर्ग सुगनलाल मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनके मतदान करने के साथ ही सुबह से बूथ पर पसरा सन्नाटा टूटा और मतदान प्रक्रिया की शुरुआत हो सकी।
इसके बाद मतदानकर्मियों ने गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से संपर्क किया और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कर्मचारियों ने शाम 6 बजे तक मतदान का समय होने की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक ग्रामीणों से मतदान केंद्र पहुंचने की अपील की।
हिंसा का असर लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर
बरौली ग्राम पंचायत में हुई यह स्थिति बताती है कि चुनावी रंजिश और हिंसक घटनाएं किस तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं। जिस गांव में मतदान के दिन सुबह से मतदाताओं की कतारें लगनी चाहिए थीं, वहां एक युवक की मौत के बाद भय और आक्रोश का माहौल बना रहा। शाम 4:19 बजे पड़े पहले वोट ने लंबे इंतजार के बाद मतदान की शुरुआत तो की, लेकिन पूरे घटनाक्रम ने गांव में चुनावी तनाव की गंभीर तस्वीर सामने रख दी।

Byte: धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान

।।धौलपुर राजस्थान से विजय शर्मा की रिपोर्ट।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *