ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग का कटा हाथ, गंभीर घायल
1 min readगोण्डा।
जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव के पास मंगलवार की देर शाम करीब 6 बजे बड़ा हादसा हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक बल्लीपुर थाना वजीरगंज क्षेत्र के रहने वाले 65 वर्षीय रामलाल रेलवे ट्रैक पार करते समय मनकापुर से अयोध्या की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका एक हाथ कट गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि रामलाल वजीरगंज के रेहली गांव स्थित अपनी बहन प्रेमा के घर अपने भांजे के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। बहन के घर जाते समय वे अयोध्या–मनकापुर रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। भांजे की बारात निकलने से ठीक पहले हुए इस हादसे से परिवार में मातम पसर गया है और सभी सदमे में हैं।

