निलंबित लेखपाल को वेतन भुगतान पर एसडीएम सख्त, तहसीलदार से स्पष्टीकरण तलब
1 min readकर्नलगंज, गोण्डा।

निलंबित लेखपाल को नियम विरुद्ध वेतन भुगतान किए जाने के मामले में उप जिलाधिकारी नेहा मिश्रा सख्त रुख अपनाया है। इस प्रकरण पर उन्होंने तहसीलदार कर्नलगंज को पत्र जारी कर तत्काल स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लेखपाल मनोज कुमार चौहान को पूर्व में निलंबित करते हुए एसडीएम कार्यालय में सम्बद्ध किया गया था। निलंबन अवधि में उन्होंने ग्राम खरथरी का चार्ज लेखपाल शालिनी सोनी को हस्तांतरित तो कर दिया, किन्तु स्वयं संबद्ध कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए। इसके बावजूद भी उन्हें नियमित रूप से वेतन भुगतान किया जाता रहा, जिसकी जानकारी एसडीएम को जांच के दौरान हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी ने तत्काल वेतन भुगतान रोकने का निर्देश दिया है। उन्होंने तहसीलदार से यह स्पष्ट करने को कहा है कि निलंबन की स्थिति में मनोज कुमार चौहान को किस आदेश या आधार पर वेतन जारी किया गया। साथ ही, अनुपस्थित रहने और विभागीय कार्यों में लापरवाही के लिए अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति हेतु विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।
