परसपुर-कर्नलगंज-हुजूरपुर मार्ग 143 करोड़ की लागत से होगा चौड़ा, 45 जर्जर सड़कों की भी होगी मरम्मत
1 min readगोंडा।
जिला मुख्यालय से अयोध्या और बहराइच के बीच आवागमन को और अधिक सुगम बनाने के लिए परसपुर-कर्नलगंज-हुजूरपुर मार्ग के चौड़ीकरण को शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। करीब एक अरब 43 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से इस मार्ग को 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। इसके साथ ही जिले की 45 जर्जर सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए लगभग 7 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस परियोजना से करीब 20 लाख से अधिक लोगों को यात्रा में राहत मिलेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवाबगंज -बेलसर-कर्नलगंज मार्ग के प्रथम चरण में चौड़ीकरण कार्य पहले से जारी है। अब दूसरे चरण में परसपुर-कर्नलगंज-हुजूरपुर मार्ग का 37.20 किलोमीटर हिस्सा चौड़ा किया जाएगा। शासन ने परियोजना के लिए 21 करोड़ 55 लाख रुपये की पहली किश्त जारी कर दी है।
मार्ग चौड़ीकरण में ये होंगे बदलाव
वर्तमान चौड़ाई: 7 मीटर
नई चौड़ाई: 10 मीटर
दोनों तरफ 1.5-1.5 मीटर सड़क का विस्तार
कुल लंबाई: 37 किलोमीटर 200 मीटर
इन 45 सड़कों की होगी विशेष मरम्मत
मरम्मत सूची में मेहनौन, कर्नलगंज, तरबगंज, मनकापुर, गौरा, मसकनवां समेत विभिन्न ब्लॉकों की सड़कों को शामिल किया गया है। इसमें गुरुतुती संपर्क मार्ग, दूल्हापुर–बालपुर मार्ग, ख्वाजाजोत–बेलहीपुरवा मार्ग, चकरौत–पंडितपुरवा–पीएचसी गुरसड़ीडीह मार्ग, मिश्रनपुरवा–बबुरास मार्ग, गेड़सर घाट संपर्क मार्ग, पिपरा बाजार–रमवापुर गोविंदा मार्ग समेत कई महत्वपूर्ण ग्रामीण संपर्क सड़कों की मरम्मत होगी। इन कार्यों पर कुल 7 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें से 3 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। शेष राशि कार्य प्रगति के आधार पर आवंटित की जाएगी। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि परसपुर-कर्नलगंज-हुजूरपुर मार्ग का चौड़ीकरण जल्द शुरू होगा। इसके अतिरिक्त 45 जर्जर सड़कों की विशेष मरम्मत के आदेश अधिशासी अभियंताओं को दे दिए गए हैं।

