बाइक की टक्कर से ट्यूशन टीचर गंभीर रूप से घायल, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
1 min readगोण्डा।
बभनान थाना क्षेत्र के चुआड़–छपिया मार्ग पर गुरुवार की शाम तेज रफ्तार अज्ञात बाइक की टक्कर से ट्यूशन टीचर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घायल शिक्षक की पहचान देव प्रभाकर पाण्डेय पुत्र द्वारिका प्रसाद पाण्डेय निवासी ग्राम एवं पोस्ट चुआड़, बभनान, जनपद गोंडा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार देव प्रभाकर स्थानीय स्तर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते हैं। गुरुवार शाम लगभग 5 बजे वह ट्यूशन पढ़ाकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बभनान के पास विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही अज्ञात बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि देव प्रभाकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी तथा उन्हें पास के बभनान स्थित क्लीनिक में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें गोंडा के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति चिंताजनक थी, लेकिन अब धीरे–धीरे सुधार हो रहा है और खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। घटना के बाद टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से भाग निकला। परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद प्राथमिकता इलाज कराना था, इसलिए फिलहाल किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में रोष व्याप्त है और लोग घटना की जांच कर बाइक सवार की पहचान करने की मांग उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस को मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

