सचिव ने किया बाल संप्रेषण एवं किशोर गृह का आकस्मिक निरीक्षण
1 min read
धौलपुर, राजस्थान।

सदस्य सचिव राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला एवं सेशन न्यायाधीश अरुण कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश रेखा यादव ने राजकीय बाल संप्रेषण एवं शिशु गृह का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कुल 11 विधि से संघर्षरत, 1 देखरेख एवं संरक्षण, 3 शिशु उपस्थित मिले। सचिव ने बाल अपचारियों से उनको मिलने वाली मूलभूत सुविधाएं, शौचालय एवं स्नानघर की साफ-सफाई आदि के संबंध में जानकारी ली तथा विधि से संघर्षरत किशोरों से उनके केस की पैरवी के सम्बंध में पूछताछ में प्रभारी अधीक्षक द्वारा बताया गया कि सभी किशोर के पास अधिवक्ता उपलब्ध है। बच्चों से उनके खेल-कूद एवं पढ़ाई के बारे में जानकारी लेने पर कुछ बालकों ने अपने पेपर होने की बात बताई। सचिव ने बच्चों को पुरानी गलत आदतों को छोड़कर उनको अच्छे कार्य करने के लिए भी प्रेरणा दी। इसी प्रकार देखरेख एवं संरक्षण बालक से भी बातचीत की तो उसने अपने हाथ से बनी हुई पेंटिंग दिखाई। उससे उसकी पढ़ाई के बारे में भी पूछा एवं अधीक्षक को बच्चे को कलर, पेंटिंग कागज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 3 शिशु बालको के बारे में अधीक्षक से जानकारी लेने पर अधीक्षक ने बताया कि तीनों शिशुओं का कारा पोर्ट पर रजिस्ट्रेशन कर दिया गया है समयावधि पूर्ण होने पर उनको दत्तक गृह में भेज दिया जाएगा। सचिव ने उनकी देखरेख के बारे में भी जानकारी ली साथ ही उन्होंने अधीक्षक को पाकशाला एवं शौचालय के उचित एवं नियमित सफाई एवं बच्चों हेतु मच्छरदानी, स्वच्छ विस्तर, गर्म कपड़े की व्यवस्था किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। किशोरों के खेलकूद संबधी मनोरंजन हेतु प्रभारी अधीक्षक को निर्देशित किया गया निरीक्षण में सीसीटीवी कैमरे संचालित पाये गये।
साथ ही सचिव ने विधि से संघर्षरत बालकों को नालसा बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं स्कीम 2024, नालसा स्कूल छोड़ने वाले एवं वंचित बच्चों के लिए विधिक सहायता योजना 2025, के अंतर्गत आने वाले संवैधानिक विधिक अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही पीएलए अभियान न्याय आपके द्वार लोक उपयोगिता समस्याओं का सुलभ और त्वरित समाधान, निशुल्क विधिक सहायता, नालसा हेल्पलाइन नम्बर 15100 के बारे में भी जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट नीतू, किशोर गृह अधीक्षक मुरारीलाल मीणा, कनिष्ठ सहायक संजय, केयर टेकर राकेश कुमार शर्मा एवं स्टेनो राहुल डंडौतियां आदि उपस्थित रहे।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो राजस्थान
