आमजन की परिवेदनाओं का प्राथमिकता से करें निस्तारण :- जिला कलक्टर
1 min readआमजन की परिवेदनाओं का प्राथमिकता से करें निस्तारण- जिला कलक्टर
ग्राम पंचायत सरानी में आयोजित जनसुनवाई में अधिकारियों को दिए निर्देश
धौलपुर,

जिले में त्रिस्तरीय जनसुनवाई द्वारा आमजन से जुड़ी प्रत्येक समस्या का प्राथमिकता से निस्तारण कर अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक त्वरित राहत प्रदान की जा रही है। जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी नियमित रूप जनसुनवाई में भाग लेकर परिवादियों से सीधा संवाद कर उनकी परिवेदनाओं का निस्तारण कर रहे हैं।
इसी क्रम में जिला कलक्टर ने गुरुवार को ग्राम पंचायत सरानी में आयोजित जनसुनवाई में महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की समस्याओं को सुनकर अधिकारियों को उनकी परिवेदनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने ने जनसुनवाई में आए लोगों की कई समस्याओं का संतोषजनक निस्तारण किया। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में परिवादी अपनी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से बड़ी उम्मीद रखते हैं। ऐसे में अधिकारी उनकी समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध निस्तारण करें साथ ही अधिकारी पारदर्शिता एवं जवाबदेहिता से काम करते हुए लोगों को राहत दें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकारी नियमित रूप से कार्यालय स्तर पर जनसुनवाई करें जिससे आमजन से जुड़ी प्रत्येक समस्या का निस्तारण प्राथमिकता से हो। जनसुनवाई के दौरान अतिक्रमण हटवाने, विद्युत कनेक्शन, जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, रुकी हुई पेंशन चालू करवाने सहित अन्य प्रकरण प्राप्त हुए जिनका शीघ्र निस्तारण करने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिये। इस दौरान सरानी निवासी वैजयंती ने नए बिजली कनेक्सन करवाने, दशरथ ने विवाह पंजीयन करावाने, बंटू ने अपने पिता के मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने,गौरीशंकर ने खेत में 11केवी के विद्युत तारों को ऊंचा करवाने का परिवाद दिया। जिस पर जिला कलक्टर ने तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। जन सुनवाई के दौरान कुल 31 परिवाद प्राप्त हुए जिनमें से 8 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
