February 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

दीपोत्सव के पहले ही श्री राम नगरी का अद्भुत दृश्य, राम की पैड़ी पर देवी-देवताओं के मंच सजे, झांकियों में कर्तव्य और धर्म की दिखेगी झलक

1 min read
Spread the love

अयोध्या

श्री राम नगरी दीपोत्सव के रंग में सराबोर,राम पैड़ी पर देवी-देवताओं के मंच सजे, झांकियों में कर्तव्य और धर्म की दिखेगी झलक

हनुमान जयंती और छोटी दीपावली के अवसर पर 19 अक्टूबर को होने जा रहे नौवें दीपोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे व नामित अधिकारियों की निगरानी में राम की पैड़ी से लेकर जन्मभूमि परिसर तक सजावट और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है।इस बार आयोजन में नयापन लाने के लिए राम पैड़ी की नहर पर सांस्कृतिक मंचों के साथ रामायण कालीन देवी-देवताओं की भव्य मूर्तियां स्थापित की जा रही हैं। मूर्तियों में पंचमुखी हनुमान और भगवान राम-सीता की नौका प्रतिमा आकर्षण का केंद्र होंगी। इवेंट मैनेजमेंट कंपनियां पानी के ऊपर प्लेटफार्म बनाकर पुष्पक विमान की विशाल प्रतिकृति तैयार कर रही हैं।लेजर शो और प्रोजेक्शन मैपिंग की स्क्रिप्ट में बदलाव के साथ लाइव स्ट्रीमिंग शो भी शामिल है। दो बड़ी एलईडी स्क्रीन से घाटों का दृश्य सीधे दर्शकों तक पहुंचेगा। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी बीपी सिंह ने बताया कि सरयू आरती, ड्रोन शो और झांकियों का काम टेंडर के माध्यम से विभिन्न एजेंसियों को सौंपा गया है।राम पैड़ी रंग-बिरंगी लाइटों से नहाई हुई है। मंदिरों की दीवारों पर लगी फसाड लाइटिंग का प्रतिबिंब जल में अद्भुत दृश्य बना रहा है। धर्म पथ, राम पथ और भक्ति पथ पर भी थीम आधारित रोशनी लगाई जा रही है।राम मंदिर में धनतेरस से महालक्ष्मी पूजन शुरू होकर दीपावली के दिन पूर्णाहुति होगी। चारों प्रवेश द्वारों को संतों के नाम पर सजाया जा रहा है। रामानंदाचार्य, रामानुजाचार्य, शंकराचार्य और माध्वाचार्य के कटआउट लगाए जाएंगे। दीपोत्सव के दिन मंदिर में सवा लाख दीप जलेंगे, जिनमें दस हजार देशी घी के होंगे।नगर निगम ने 1500 सफाई कर्मचारियों की तैनाती की है। साकेत महाविद्यालय परिसर में 22 झांकियां तैयार हो रही हैं। 15 सरकारी योजनाओं पर और 7 रामायण प्रसंगों पर आधारित हैं। झांकियां राम कथा पार्क तक निकलेंगी। अयोध्या दीपों, फूलों और श्रद्धा से सराबोर होने को तैयार है।

सुरेश कुमार मिश्र मंडल ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *