संदिग्ध परिस्थितियों में मामा-भांजे सहित तीन लोगों की मौत, परिवार में मचा कोहराम
1 min readबीकापुर
अयोध्या
जनपद के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के कुढा कल्याणपुर चकडुहिया गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मामा, भांजे सहित तीन लोगों की मौत हो जाने का मामला प्रकाश में आया है।
प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद नफीस ने बताया कि गांव निवासी मोहम्मद तफसीर उर्फ छोटू के घर उनके जीजा अल्ताफ (22) पुत्र अब्बास निवासी गौहानी हैदरगंज अपने पत्नी व 7 माह के पुत्र अल्तमस के साथ बुधवार को आये थे।
बताया कि बुधवार शाम भोजन करके सभी लोग तख्त पर सो गए। गुरुवार की सुबह करीब 4 बजे अचानक अल्ताफ व तफसीर की तबियत खराब हो गई जबकि अल्तमस की तबियत 2 दिन पहले से ही कुछ खराब चल रही थी। जानकारी मिलते ही परिजन अल्ताफ व तफसीर को जिला अस्पताल ले गए। जहां पर उपचार के दौरान तफसीर की मौत हो गई। जबकि अल्ताफ की तबियत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर कर दिया जहां पर इलाज के दौरान तफसीर की भी मौत हो गई।
वहीं, अल्तमस को परिजनों ने शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया था जहां पर उसकी भी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर में अल्ताफ की मौत के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। इधर तीनों लोगों की मौत की सूचना मिलते ही घर परिवार में कोहराम तथा क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। आशंका है कि किसी जहरीले जंतु के काटने अथवा फूड प्वाइजनिंग के चलते मौत हुई है।

