February 15, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में एक ही छत के नीचे मिल रहा है 49 सुविधाओं का लाभ-संभागीय आयुक्त, शिविरों का कर आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

1 min read
Spread the love


धौलपुर, राजस्थान

संभागीय आयुक्त डॉ. टीना सोनी ने उपखण्ड सैपऊ की ग्राम पंचायत पिपहेरा में ग्रामीणों से कहा कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं का लाभ देने और उनके शिकायत समाधान के लिए सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं। ग्रामीण सेवा शिविर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिक-से-अधिक ग्रामीणों से इन शिविरों में भागीदारी करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने कहा कि इन शिविरों में स्वास्थ्य जांच और दवाई, पोषण, फसल-बीज किट वितरण, बीमा और पशुओं से जुड़ी योजनाओं के लाभ, राजस्व तथा बिजली विभाग के आवेदन आदि सभी काम सम्पन्न होंगे। छोटी-छोटी शिकायतों और समाधान के लिए आपको जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़े, इसके लिए ये शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे, ऐसे में सभी को बाकी काम छोड़कर यहाँ आकार इनका फायदा उठाना चाहिए।
पिपहेरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान संभागीय आयुक्त ने लाभार्थियों को आवासीय भूमि पट्टे, प्रतिकात्मक रूप से निक्षय पोषण किट, प्रधानमंत्री फसल बीमा पॉलिसी वितरित की। इस दौरान उन्होंने शिविर स्थल पर पौधारोपण भी किया। निरीक्षण की श्रृंखला में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने भी पुरानी छावनी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने शिविरों निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से कहा कि वे आमजन से संवाद कर समस्याओं के समाधान का प्रयास करें। इससे शिविरों के उद्देश्य को प्राप्त करने में सफलता मिलेगी। उन्होंने शिविर में एक वृद्ध महिला की बात सुनकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि इनकी मांग को कागज पर लिखकर उनकी सहमति लें और त्वरित समाधान करें।
शहरी क्षेत्रों में फोकस पट्टा वितरण पर-
उन्होंने सैपऊ नगर पालिका क्षेत्र में अम्बेडकर भवन पंचायत समिति परिसर में शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि शहरी क्षेत्र में आमजन की बुनियादी समस्याएं हैं। दैनिक दिनचर्या की जिंदगी में साफ-सफाई से लेकर राशन, पानी-विद्युत की आपूर्ति सभी प्रकार की समस्याओं के एक ही मंच पर समाधान के लिए प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश में शहरी सेवा शिविरों का शुभारंभ किया गया है।
9 रोगियों को वितरित की निक्षय पोषण किट-
शिविर में संभागीय आयुक्त एवं जिला कलक्टर ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को विशेष रूप से टीबी मरीजों को निक्षय किट उपलब्ध कराने एवं उपचार के फॉलोअप करने के निर्देश दिए, ताकि टीबी रोगियों को पूर्ण स्वस्थ किया जा सके। इस दौरान उन्होंने 9 टीबी रोगियों को निक्षय किट प्रदान की। उन्होंने रोगी को नियमित उपचार कराने की सलाह दी। इस दौरान उन्होंने आशा कार्यकताओं द्वारा दी जा रही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में उनसे जानकारी ली। इस दौरान उपखंड अधिकारी सैपऊ कर्मवीर सिंह, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चेतराम मीना, विकास अधिकारी रामबोल सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो राजस्थान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *