300 बेड के मंडलीय अस्पताल को शुरू करने की मांग, औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल नंदी को सौंपा गया ज्ञापन
1 min readबाँदा

जनपद में वर्षों से बनकर तैयार 300 बेड के मंडलीय अस्पताल को तुरंत चालू कराने की मांग को लेकर उ.प्र. स्टूडेंट्स यूनियन ने बुधवार को औद्योगिक विकास, निवेश एवं निर्यात प्रोत्साहन कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ को एक ज्ञापन सौंपा। यूनियन के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में युवाओं का एक प्रतिनिधिमंडल मंत्री से मिला और उन्हें बाँदा के निवासियों की पीड़ा से अवगत कराया।
ज्ञापन में बताया गया कि करोड़ों रुपये की लागत से बना यह विशाल भवन वर्षों से बंद पड़ा है, जिससे बुंदेलखंड के गरीब और ग्रामीण मरीजों को बेहतर इलाज के लिए मजबूरन बड़े शहरों में जाना पड़ता है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा, “यह अस्पताल केवल एक इमारत नहीं है, बल्कि बाँदा और आसपास के जिलों की जनता के लिए जीवन रेखा है। इसे तुरंत शुरू करके हजारों लोगों को राहत दी जा सकती है और बड़े शहरों के अस्पतालों पर अनावश्यक बोझ को भी कम किया जा सकता है।”
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में शैलेन्द्र कुमार वर्मा के साथ छात्रनेता यश राज गुप्ता, बाबूराम निषाद, दीपक गुप्ता, अंजनी त्रिपाठी, सलिल गुप्ता और अन्य कई युवा साथी मौजूद थे। सभी ने मिलकर मंत्री से इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया ताकि बाँदा के लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
