कांग्रेस महिला सेवादल की नवनियुक्त पदाधिकारियों का लोगों ने किया स्वागत
1 min readधौलपुर राजस्थान।
धौलपुर जिला कांग्रेस महिला सेवादल की नवनियुक्त महिला जिला प्रभारी वैजंती एवं महिला जिलाध्यक्ष विनेश का जिला कांग्रेस सेवादल धौलपुर की ओर से हार्दिक स्वागत किया गया। संगठन ने उनके समर्पण, नेतृत्व क्षमता और संगठन के प्रति निष्ठा को महिला सेवादल की नई दिशा और सशक्त पहचान का आधार बताया। इसी क्रम में होटल आशीर्वाद में जिला कांग्रेस सेवादल के नवनियुक्त पदाधिकारियों का माला, साफा एवं गुलदस्ते भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर धौलपुर के संजीव कुमार कंचन, बसेड़ी के राजेंद्र कुमार, परवेज पठान, कृष्णा लहरी और सनी को सेवादल जिलाध्यक्ष समृद्धि दीक्षित ने कांग्रेस सेवादल की सदस्यता ग्रहण कराई, जिससे संगठन को और मजबूती मिली।
इसी बीच महिला कांग्रेस सेवादल की पूर्व जिला प्रभारी रोशनी शिवहरे एवं पूर्व जिलाध्यक्ष शबनम खान द्वारा दिए गए इस्तीफे को जिलाध्यक्ष समृद्धि दीक्षित ने निराधार एवं भ्रामक बताते हुए खंडन किया। उन्होंने कहा कि आगामी 21, 22 एवं 23 सितम्बर को धौलपुर में आयोजित होने वाले संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर को लेकर गैर-जिम्मेदारी बरती गई। वास्तविकता यह है कि उनकी बनाई गई कार्यकारिणी केवल कागज़ों तक सीमित रही और धरातल पर सक्रिय नहीं रही। हाल ही की बैठक में भी मात्र 5 से 6 महिलाएं ही उपस्थित मिलीं। यह भी आरोप लगाया गया कि रोशनी शिवहरे और शबनम खान ने कभी भी जिला स्तरीय, विधानसभा स्तर या ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित नहीं की, जिससे संगठन की सक्रियता प्रभावित हुई और संगठन को कमजोर करने की कोशिश की गई।
समृद्धि दीक्षित ने स्पष्ट कहा कि वे कभी भी पार्टी को झूठे आश्वासनों में नहीं रखना चाहतीं, और यदि सच्चाई पर टिके रहने के लिए उन्हें पद भी छोड़ना पड़े तो वे तैयार हैं, परंतु पार्टी के खिलाफ गद्दारी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं करेंगी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि व्यक्तिगत स्वार्थ और गुटबाजी से प्रेरित राजनीति संगठन की छवि को धूमिल करती है और समर्पित कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ती है। वहीं महिला सेवादल की नई नियुक्तियों और नए साथियों के जुड़ाव से संगठन में नए उत्साह और मजबूती का संचार हुआ है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें कांग्रेस सेवादल यंग बिग्रेड जिलाध्यक्ष सोनू यादव, उपाध्यक्ष भगवान सिंह जाटव, अरविंद पचौरी, ब्लॉक अध्यक्ष रामभरोसी शर्मा, कोषाध्यक्ष लोकेंद्र कंडेरा, अजय बिलोनिया, केशव मीणा, महादेवा मीणा, नाइम खान, बनवारी बघेल, प्रेमचंद जाटव, हनीफ खान, इकबाल सैफी, गुलाब सिंह, सुमन, गंगाश्री, बाबूलाल, दिलशाद खान, अभिषेक यादव सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।

