एंटी करप्शन टीम ने महिला एईएन समेत पांच कर्मचारियों को तीन लाख 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार
1 min readभरतपुर एसीबी की धौलपुर में बहुत बड़ी कार्रवाई।
एसीबी की टीम ने धौलपुर नगर परिषद में की कार्रवाई / महिला एईएन समेत पांच कर्मचारियों को तीन लाख 10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों किया गिरफ्तार।
राजस्थान के धौलपुर जिले में भरतपुर एसीबी की टीम ने धौलपुर नगर परिषद कार्यालय में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। महिला एईएन समेत पांच कर्मचारियों को तीन लाख दस हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ठेकेदार से बिल पास कराने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।
भरतपुर एसीबी के एडिशनल एसपी अमित सिंह ने बताया कि राजकीय संवेदक ने एसीबी कार्यालय भरतपुर में एक शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी ने आरोप लगाया कि धौलपुर नगर परिषद कार्यालय में कार्यरत एईएन प्रिया,वरिष्ठ सहायक भरत कुमार,वरिष्ठ सहायक नीरज,संविदा कर्मी हरेंद्र और चालक देवेंद्र बरसात के पानी निकासी का बिल पास करने के एवज में अलग-अलग तरीके से रिश्वत की मांग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि करीब 35 से 40 लाख रुपए का ठेकेदार का बिल था। गत एक साल से ठेकेदार को परेशान किया जा रहा था। ठेकेदार की शिकायत मिलने के बाद मामले का गुप्त तरीके से भौतिक सत्यापन कराया गया। भौतिक सत्यापन में मामला सही पाए जाने के बाद गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय में एसीबी की टीम ने छापा मारकर पांच कर्मचारियों को 3 लाख 10 की राशि के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा की भूमिका संदिग्ध दिखाई दे रही है। आयुक्त से भी पूछताछ की जा रही है। भौतिक सत्यापन में आयुक्त अशोक शर्मा के नाम का भी जिक्र हुआ है। फिलहाल धौलपुर में अचानक की गई एसीबी की कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। एसीबी की कार्रवाई के बाद नगर परिषद कार्यालय का पूरा दफ्तर खाली हो गया है। एडिशनल एसपी ने बताया बारीकी से इस मामले की जांच की जा रही है। अनुसंधान के बाद आरोपियों को भरतपुर एसीबी कोर्ट पेश किया जाएगा।
बाइट भरतपुर एसीबी के एडिशनल एसपी अमित सिंह
।।धौलपुर राजस्थान से विजय शर्मा की रिपोर्ट।।

