कर्नलगंज में खुला नाला बना खतरा,गाय के गिरने से मचा हड़कंप
1 min readकर्नलगंज,गोंडा।
नगर के भैरवनाथ पुरवा मोहल्ले में कृष्णपाल सिंह के मकान के बगल बना खुला नाला मोहल्लेवासियों के लिए मुसीबत का सबब बन रहा है। नाले पर पत्थर न होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। शनिवार रात को एक गाय इस नाले में गिर गई, जिसे रविवार सुबह नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों के द्वारा स्थानीय लोगों के सहयोग से बड़ी मुश्किल से सुरक्षित निकाला गया। इस घटना ने नाले की खतरनाक स्थिति को फिर से उजागर कर दिया है। मोहल्ले वासियों के अनुसार, नाले के आसपास की झाड़ियों में सांपों का भी खतरा बढ़ गया है। हाल ही में राधेश्याम सोनी के घर में सांप घुस आने से लोगों में दहशत फैल गई। इसके अलावा नाले के बगल की पुलिया की दीवार भी ढह चुकी है, जिससे खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले नाले की समस्या के बारे में नगर पालिका परिषद को कई बार सूचित किया गया, लेकिन नाले को ढंकने के लिए पत्थर नहीं रखे गए, जिससे कभी भी बड़े हादसे की आशंका है। खुले नाले के कारण बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं के लिए लगातार खतरा बना हुआ है। मोहल्ले के सभासद प्रतिनिधि युवा समाजसेवी साजिद सिद्दीकी व अन्य लोगों का कहना है कि नगर पालिका की उदासीनता व लापरवाही के कारण उनकी सुरक्षा दांव पर है। इस समस्या के समाधान के लिए नाले को ढंकना और आसपास की झाड़ियों को साफ करना जरूरी है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से शीघ्र इस समस्या का निराकरण कराते हुए खुले नाले पर पत्थर रखवाये जाने की मांग की है,जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

