जिला पंचायत निधि से बनी सड़क अपनी दुर्दशा पर बहा रही आंसू लोगों का चलना हुआ दुश्वार, सड़क पर जल भराव
1 min readमिल्कीपुर अयोध्या
मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में इस समय सूत्रों की माने तो भाजपा सरकार में विकास की गंगा बह रही है, और आए दिन विधानसभा के नेताओं द्वारा जगह-जगह पर कहीं रोड का उद्घाटन किया जा रहा है तो कहीं सीसी रोड का उद्घाटन किया जा रहा है। लेकिन जब मीडिया की टीम क्षेत्र में भ्रमण करने पहुंची तो भ्रमण के दौरान विकासखंड अमानीगंज क्षेत्र के तुलापुर ग्राम पंचायत में जमीनी हकीकत कुछ और ही देखने को मिल रहा है। आपको बता दें कि जयराज पुर संपर्क मार्ग से तुलापुर संपर्क मार्ग तक 10 वर्ष पहले जिला पंचायत निधि से निर्माण हुआ था जिसके बाद आज तक किसी विधायक व सांसद तथा जिला पंचायत द्वारा रोड की सुध लेने वाला नहीं मिला, कीचड़ युक्त सड़क से निजात पाने के लिए गांव के लोगों ने विधायक तथा जिला पंचायत से मौखिक रूप से कई बार मांग की गई लेकिन आज तक सड़क मरम्मत कार्य नहीं हुआ। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को चलना मुश्किल हो गया है। सड़क पर गड्ढे और दरारें हैं तथा जल भराव की स्थिति बनी हुई है, जो दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत नहीं होने से उन्हें काफी परेशानी हो रही है। और ज्यादातर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सड़क पर चलने में सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
जिला पंचायत को चाहिए कि वह सड़क की मरम्मत के लिए धन आवंटित करे और सड़क को ठीक करवाए, इससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी और दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा। जब इस संबंध में जिला पंचायत के जेई राजू श्रीवास्तव से बात हुई तो उन्होंने बताया कि टेंडर हो चुका है लगभग 1 महीने बाद कार्य शुरू हो जाएगा।

