मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 17 एवं 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैम्प
1 min readमतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 17 एवं 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैम्प
जनपद के सभी 2978 मतदेय स्थलों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे बीएलओ
मतदेय स्थल वाले विद्यालय एवं कार्यालय निर्धारित तिथियों पर खुले रखने के निर्देश
गोण्डा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे हुए नागरिकों तथा प्रथम बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं के नाम शामिल किए जाने के लिए गोण्डा में विशेष अभियान के तहत 17 अक्टूबर (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर (शनिवार) को विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे।
विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद के सातों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के सभी 2978 मतदेय स्थलों पर सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक कैम्प लगाए जाएंगे। इस दौरान संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने आवंटित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
अभियान की महत्ता एवं समयबद्धता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि उक्त दोनों तिथियों पर जनपद के ऐसे सभी प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों, इंटर कॉलेजों, महाविद्यालयों तथा अन्य कार्यालयों को निर्धारित समय तक खुला रखा जाए, जहां मतदेय स्थल स्थापित हैं।
संबंधित प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष को निर्देशित किया गया है कि वे बूथ लेवल अधिकारियों को आवश्यकतानुसार मेज, कुर्सी आदि उपलब्ध कराते हुए उनके कार्यों में सहयोग सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित विभागाध्यक्षों एवं कार्यालयाध्यक्षों को अपने अधीनस्थ ऐसे सभी भवनों को निर्धारित समयावधि में खुला रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं संस्थानों को निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और विशेष अभियान का प्रभावी संचालन किया जा सके।

