जिला परिषद में कांग्रेस का क्लीन स्वीप! जिला प्रमुख के बाद उप जिला प्रमुख की कुर्सी भी निर्विरोध कांग्रेस के खाते में
1 min readधौलपुर, राजस्थान
धौलपुर की जिला परिषद में कांग्रेस का क्लीन स्वीप! जिला प्रमुख के बाद उप जिला प्रमुख की कुर्सी भी निर्विरोध कांग्रेस के खाते में,
उप जिला प्रमुख पद पर वीर सिंह मीणा निर्विरोध निर्वाचित, भाजपा की ओर से नहीं आया कोई प्रत्याशी; जिला परिषद में कांग्रेस ने मजबूत किया अपना दबदबा,
धौलपुर, न्यूज।
धौलपुर जिला परिषद की राजनीति में कांग्रेस ने एक बार फिर अपनी मजबूत स्थिति का प्रदर्शन करते हुए उप जिला प्रमुख पद पर भी निर्विरोध कब्जा जमा लिया। गुरुवार को उप जिला प्रमुख पद के लिए हुए नामांकन में कांग्रेस के जिला परिषद सदस्य वीर सिंह मीणा का ही एकमात्र नामांकन दाखिल हुआ। निर्धारित समय सीमा तक भाजपा सहित किसी भी अन्य दल की ओर से प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा गया। ऐसे में जिला निर्वाचन अधिकारी ने वीर सिंह मीणा को निर्विरोध उप जिला प्रमुख निर्वाचित घोषित कर दिया।
वीर सिंह मीणा जिले के वार्ड संख्या 4 से कांग्रेस के जिला परिषद सदस्य हैं। उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा के साथ ही कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। खास बात यह रही कि उप जिला प्रमुख पद के चुनाव में मुकाबले की स्थिति ही नहीं बनी और भाजपा की ओर से किसी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख, दोनों पद कांग्रेस के नाम,
धौलपुर जिला परिषद में कांग्रेस ने दोनों प्रमुख पदों पर अपना कब्जा जमाकर राजनीतिक बढ़त हासिल कर ली है। इससे पहले बुधवार को जिला प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस की अनीशा जाटव ने भाजपा की सोमवती भास्कर को महज एक वोट से पराजित कर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस प्रत्याशी के निर्विरोध निर्वाचन ने पार्टी की स्थिति और मजबूत कर दी।
29 वार्डों के चुनाव में कांग्रेस को मिला था बहुमत,
जिला परिषद के 29 वार्डों के चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने 21 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। वहीं भाजपा को 5 और बसपा को 3 सीटों पर सफलता मिली थी। चुनाव परिणामों के बाद जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख, दोनों पद कांग्रेस के खाते में जाने से जिले की जिला परिषद में पार्टी का दबदबा स्थापित हो गया है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

