जंगल में झाड़ियों के बीच मिला नवजात क्षेत्र में मचा हड़कंप
1 min readजंगल में झाड़ियों के बीच मिला नवजात, जन्म के बाद मां के छोड़कर जाने की आशंका; दूध लेकर गुजर रहे ग्रामीण की पड़ी नजर,
सेठ के बाग के पास पंचपुलिया के नजदीक मिला शिशु, सूचना पर पहुंची पुलिस ने लिया संरक्षण में; इलाके में फैली सनसनी,
धौलपुर,
धौलपुर जिले के मनियां उपखंड क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सेठ के बाग के पास पंचपुलिया के नजदीक जंगल में एक नवजात शिशु मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि किसी महिला ने शिशु को जन्म देने के बाद जंगल में छोड़ दिया और मौके से चली गई।
जानकारी के अनुसार उदई का पुरा निवासी दिनेश कुशवाह दूध लेकर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर जंगल में पड़े नवजात शिशु पर पड़ी। अचानक शिशु को इस हालत में देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को अपने संरक्षण में लिया।
घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आखिर किस परिस्थिति में नवजात को जंगल में छोड़ा गया और इसके पीछे किसकी भूमिका है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा नवजात को जन्म देने वाली महिला की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जंगल में नवजात मिलने की इस घटना ने एक बार फिर समाज और मानवीय संवेदनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

