मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 185 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
1 min readमिल्कीपुर अयोध्या
समाज कल्याण विभाग की ओर से मंगलवार को विकासखंड मिल्कीपुर स्थित विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मिल्कीपुर, हैरिंग्टनगंज और अमानीगंज विकासखंड के साथ नगर पंचायत कुमारगंज के कुल 185 जोड़े विवाह के बंधन में बंधे। जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसकी शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी। योजना के तहत पहले 35 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर 51 हजार रुपये किया गया। अब इसे बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है। इसमें 64 हजार रुपये सीधे कन्या के खाते में भेजे जाते हैं, जबकि 21 हजार रुपये के उपहार दिए जाते हैं। इसके अलावा वर-वधू पक्ष से आए अतिथियों के खानपान की व्यवस्था के लिए 15 हजार रुपये निर्धारित हैं।
कार्यक्रम में विकासखंड मिल्कीपुर के 58, हैरिंग्टनगंज के 60 और अमानीगंज के 60 जोड़ों तथा नगर पंचायत कुमारगंज के सात जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह संपन्न कराकर उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करना है।
कार्यक्रम का संचालन हरिओम पांडेय ने किया। कार्यक्रम के समापन की घोषणा डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने किया।

