मेले की तैयारियों को लेकर नगर परिषद की अहम बैठक,
1 min readधौलपुर ,राजस्थान।

मेले की तैयारियों को लेकर नगर परिषद की अहम बैठक,
व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश,
सभापति गिरीश गर्ग और आयुक्त विष्णु परमार ने सफाई, पेयजल,
रोशनी व सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की, लापरवाही पर दी सख्त हिदायत,
धौलपुर,
आगामी मेले के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर नगर परिषद सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद सभापति गिरीश गर्ग ने की। इस दौरान नगर परिषद आयुक्त विष्णु परमार सहित संबंधित अधिकारियों, पार्षदों और तकनीकी व प्रशासनिक स्टाफ ने भाग लिया। बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्वच्छता बनाए रखने तथा सुरक्षा एवं आवागमन की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
सभापति गिरीश गर्ग ने कहा कि मेला शहर की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक है। ऐसे में आयोजन के दौरान दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और मेलार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेला परिसर में सुगम आवागमन, निर्बाध पेयजल आपूर्ति, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए।
नगर परिषद आयुक्त विष्णु परमार ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में मुख्य स्वच्छता निरीक्षक (सीएसआई) विकास श्रीवास्तव को मेला परिसर, प्रमुख मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) दीपक गोयल को मेला ग्राउंड के समतलीकरण, बैरिकेडिंग, मंच निर्माण, विद्युत व्यवस्था और अस्थायी निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के दौरान पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्डों और मेला क्षेत्र से संबंधित समस्याओं एवं व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव रखे। नगर परिषद प्रशासन ने इन सुझावों पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर नगर परिषद के पार्षदगण, सीएसआई विकास श्रीवास्तव, जेईएन दीपक गोयल सहित परिषद का तकनीकी एवं प्रशासनिक स्टाफ उपस्थित रहा।
