मिशन शक्ति के तहत कुमारी राशि बनीं एक दिन की प्रधानाध्यापिका, विद्यालय का संभाला चार्ज
1 min readमिशन शक्ति के तहत कुमारी राशि बनीं एक दिन की प्रधानाध्यापिका, विद्यालय का संभाला चार्ज
महिला सशक्तीकरण की दिशा में अनूठी पहल, छात्राओं को मिला नेतृत्व और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर
टप्पल, अलीगढ़।
मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय जहाँनगढ़, विकासखंड टप्पल, जनपद अलीगढ़ में महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष पहल की गई। इसके तहत कक्षा आठ की छात्रा कुमारी राशि को एक दिन के लिए प्रधानाध्यापिका का दायित्व सौंपा गया। राशि ने पूरे दिन विद्यालय का संचालन जिम्मेदारी और उत्साह के साथ किया।
एक दिन की प्रधानाध्यापिका के रूप में कुमारी राशि ने विद्यालय की विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता जांची और बच्चों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही स्मार्ट क्लास, लर्निंग बाय डूइंग (एलबीडी) लैब और कंप्यूटर के माध्यम से होने वाली पढ़ाई का निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई।
राशि ने विद्यालय के भौतिक वातावरण का अवलोकन करते हुए फलदार पौधों, औषधीय पौधों और किचन गार्डन का भ्रमण किया। विद्यालय की व्यवस्थाओं और शैक्षिक गतिविधियों को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इस पहल से विद्यालय की अन्य छात्राओं में भी उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक श्रीनिवास शर्मा ने छात्रा को पूरे कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने का कौशल, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित यह गतिविधि महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक सार्थक प्रयास है, जो बालिकाओं को भविष्य में आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं को पहचानने के लिए प्रेरित करती है।


