October 12, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बांदा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, रेचल कश्यप ने जीता स्वर्ण पदक

1 min read
Spread the love
  • राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बांदा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, रेचल कश्यप ने जीता स्वर्ण पदक

लखनऊ में रिया और नव्या राज ने रजत, देव शुक्ला ने कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

बाॅंदा।
लखनऊ के चौक स्टेडियम में 10 एवं 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय गोल्डन कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बाॅंदा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा रेचल कश्यप ने स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। वहीं सेंट जॉर्ज स्कूल की छात्रा रिया ने रजत पदक तथा छात्र देव शुक्ला ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अतिरिक्त सेंट जेवियर स्कूल की छात्रा नव्या राज ने भी रजत पदक जीतकर बांदा को गौरवान्वित किया।
प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। चार पदक जीतकर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का परिचय दिया। उनकी सफलता में प्रशिक्षण एवं निरंतर अभ्यास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर खिलाड़ियों के प्रशिक्षक पुष्पेंद्र कुमार विश्वकर्मा, अंतरराष्ट्रीय फाइटर एवं मास्टर कोच, को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान ताइक्वांडो खेल के प्रति उनके समर्पण और खिलाड़ियों को तैयार करने में उनके योगदान को रेखांकित करता है।
बांदा के इन होनहार खिलाड़ियों की उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों, विद्यालय परिवारों और अभिभावकों में उत्साह है। खिलाड़ियों की सफलता ने यह संदेश दिया है कि उचित मार्गदर्शन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर जनपद के खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बना सकते हैं।इस अवसर पर जिला ओलंपिक एसोसिएशन बाॅंदा के अध्यक्ष रामेंद्र शर्मा , महासचिव डा० इन्द्रवीर सिंह , मीडिया प्रभारी सुनील सक्सेना , जिला वालीबॉल एसोसिएशन बाॅंदा के सचिव शिवकुमार गुप्ता , पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी सबल सिंह ,बुंदेलखंड खेल प्रोत्साहन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजराज सिंह , जिला वालीबाल एसोसिएशन बाॅंदा के संयुक्त सचिव महेश गर्ग , रामकुमार यादव , पर्यावरणविद् आक्सीजन बाबा रामकृष्ण अवस्थी, वरिष्ठ खिलाड़ी राहुल शुक्ला , शिवप्रताप सिंह चंदेल , महेश साहिल आदि ने विजयी खिलाड़ियों को बधाई दी है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *