October 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी की मौजूदगी में पूर्व विधायक ने भरी हुंकार, 195 ग्राम पंचायतों तक जनसंपर्क बढ़ाने पर दिया जोर

1 min read
Spread the love

मिल्कीपुर की सियासत में गोरखनाथ बाबा का बड़ा ऐलान, 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने का किया संकल्प
भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी की मौजूदगी में पूर्व विधायक ने भरी हुंकार, 195 ग्राम पंचायतों तक जनसंपर्क बढ़ाने पर दिया जोर
अयोध्या।

मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र की सियासत में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए चुनाव लड़ने का संकल्प जाहिर किया है। सिद्धिनाथन स्थित अपने आवास पर आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेंगे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी की मौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया।
कार्यक्रम में गोरखनाथ बाबा ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उनकी चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं थी, लेकिन पार्टी के निर्देश पर उन्होंने चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति अपना जुड़ाव जाहिर करते हुए कहा कि वह लगातार क्षेत्र की जनता के संपर्क में हैं और लोगों की समस्याओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं।
पूर्व विधायक ने बताया कि उनका लक्ष्य मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र की सभी 195 ग्राम पंचायतों के लोगों से संवाद स्थापित करना है। उन्होंने वर्ष 2017 में जनता से किए गए कुछ वादों के अधूरे रहने की बात स्वीकार करते हुए उन्हें पूरा करना अपनी प्राथमिकता बताया।
अपने संबोधन में गोरखनाथ बाबा ने शायराना अंदाज में कहा, “जिसकी मस्ती जिंदा है, उसकी हस्ती जिंदा है।” उनके इस बयान को आगामी चुनाव की तैयारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह बनाए रखने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
गोरखनाथ बाबा के इस ऐलान के बाद मिल्कीपुर की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्र की सियासत क्या नया मोड़ लेती है और पूर्व विधायक की चुनावी रणनीति का आगामी राजनीतिक समीकरणों पर क्या असर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *