गुरुद्वारे में दो दिवसीय अखंड पाठ का आयोजन, मानवता, समानता और भाईचारे का दिया संदेश,
1 min readधौलपुर,राजस्थान।
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे में गूंजे गुरुवाणी और शबद-कीर्तन, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया लंगर,
पटियाला बाग गुरुद्वारे में दो दिवसीय अखंड पाठ का आयोजन, मानवता, समानता और भाईचारे का दिया संदेश,
धौलपुर,
सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मंगलवार को धौलपुर में श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पटियाला बाग स्थित गुरुद्वारे में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। संगत ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की तथा गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरुद्वारे के ग्रंथी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में दो दिवसीय अखंड पाठ रखा गया। मंगलवार सुबह से गुरुवाणी और शबद-कीर्तन का आयोजन हुआ। कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का गुणगान करते हुए मानवता, प्रेम, समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर ग्रहण किया लंगर
धार्मिक कार्यक्रमों के समापन के बाद गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। संगत के लोगों ने भी लंगर सेवा में बढ़-चढ़कर सहयोग किया। लंगर में जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी ने एक साथ भोजन किया। प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने अरदास कर एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
गुरु नानक देव की शिक्षाओं को अपनाने का लिया संकल्प
गुरु नानक देव जी ने समाज को ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का संदेश दिया था। उन्होंने जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव का विरोध करते हुए मानवता, समानता, प्रेम और निस्वार्थ सेवा को जीवन का आधार बताया। प्रकाश पर्व पर श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
ब्यूरो विजय कुमार शर्मा


