October 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

मिलावटखोरों पर एफएसडीए का शिकंजा, 160 किलो संदिग्ध घी सीज

1 min read
Spread the love

गोंडा में मिलावटखोरों पर एफएसडीए का शिकंजा, 160 किलो संदिग्ध घी सीज

तीन नमूने जांच को भेजे, कुट्टू-सिंघाड़े के आटे की भी हुई जांच

गोंडा। नवरात्रि पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने शुक्रवार को करनैलगंज और बालपुर बाजार में छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखी।

करनैलगंज में 160 किलो घी जब्त

करनैलगंज बाजार में विकास कुमार शुक्ल के प्रतिष्ठान पर छापा मारा गया। मौके से घी के दो नमूने लिए गए और संदेह के आधार पर करीब 160 किलो घी जब्त कर लिया गया। अधिकारियों को आशंका है कि यह घी मिलावटी हो सकता है, जिसे त्योहारों में खपाने की तैयारी थी।

बालपुर में कुट्टू के आटे का सैंपल

बालपुर बाजार में अंशुमणि त्रिपाठी के प्रतिष्ठान से व्रत में इस्तेमाल होने वाले कुट्टू के आटे का नमूना संग्रहित किया गया। टीम ने अन्य दुकानों पर भी कुट्टू और सिंघाड़े के आटे की जांच की।
अभिहित अधिकारी अजीत कुमार मिश्र के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार, मनीष मल्ल, अंकुर मिश्र और नंदकिशोर यादव मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा -“कुट्टू का आटा नमी सोख लेता है, इसलिए इसे लंबे समय तक रखकर इस्तेमाल न करें। पैकेट पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी जरूर देखें।” विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे नवरात्रि पर्व तक लगातार अभियान चलाकर मिष्ठान, तेल, घी और व्रत सामग्री की जांच की जाएगी और मिलावट मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *