बेलसर-तरबगंज मार्ग पर दर्दनाक हादसा, डंपर की टक्कर से युवक की मौत, पिता गंभीर
1 min readगोंडा में बेलसर-तरबगंज मार्ग पर दर्दनाक हादसा: डंपर की टक्कर से युवक की मौत, पिता गंभीर
शव सड़क पर रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन, कई थानों की फोर्स तैनात
गोण्डा। जिले में बेलसर-तरबगंज मार्ग पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अयोध्या से लौटते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि थाना बेलसर क्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव निवासी शिव प्रकाश यादव पुत्र बुधराम अपने पिता बुधराम के साथ बाइक से अयोध्या से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बेलसर-तरबगंज मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिव प्रकाश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता बुधराम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज राकेश पांडेय ने घायल को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
शव रखकर प्रदर्शन
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और डंपर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना पर कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
मृतक की मां रघुवर देवी की तहरीर पर पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

