October 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

होमगार्ड भर्ती के 826 अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण अक्टूबर में कब से कब तक जाने पूरी खबर

1 min read
Spread the love

गोण्डा में होमगार्ड भर्ती के 826 अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण 12 अक्टूबर से

पुरुष अभ्यर्थियों का परीक्षण 12 से 23 अक्टूबर और महिला अभ्यर्थियों का 24 से 27 अक्टूबर तक होगा*

गोण्डा। जिला कमाण्डेन्ट होमगार्ड्स कार्यालय को प्राप्त सूची के अनुसार होमगार्ड भर्ती के सफल 826 अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण और पुलिस चरित्र सत्यापन कराया जाएगा।
इनमें 661 पुरुष और 165 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। स्वास्थ्य परीक्षण पुलिस लाइन, गोण्डा में निर्धारित तिथियों पर सुबह नौ बजे से शुरू होगा। अभ्यर्थियों को मेरिट सूची में दर्ज क्रमांक के आधार पर अलग-अलग तिथियों पर बुलाया गया है।

जिला कमाण्डेन्ट होमगार्ड्स कार्यालय के अनुसार स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक फिटनेस, सामान्य स्वास्थ्य और निर्धारित मानकों की जांच की जाएगी। प्रतिदिन करीब 75 अभ्यर्थियों का परीक्षण कराया जाएगा, ताकि प्रक्रिया व्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से पूरी हो सके। पुरुष अभ्यर्थियों का परीक्षण 12 से 20 अक्टूबर तक निर्धारित तिथियों पर होगा। 21 से 23 अक्टूबर तक शेष पुरुष अभ्यर्थियों के लिए रिजर्व दिवस रखे गए हैं। इन दिनों निर्धारित तिथि पर उपस्थित न हो पाने या किसी कारण से परीक्षण से वंचित रह गए अभ्यर्थियों का परीक्षण कराया जा सकेगा।
महिला अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण 24 से 26 अक्टूबर तक होगा। 27 अक्टूबर को शेष महिला अभ्यर्थियों के लिए रिजर्व दिवस निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने मेरिट क्रमांक के अनुसार निर्धारित तिथि की जानकारी पहले से प्राप्त कर लें और समय से पुलिस लाइन पहुंचें। बिना निर्धारित तिथि या आवश्यक दस्तावेजों के पहुंचने पर अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। स्वास्थ्य परीक्षण में सफल अभ्यर्थियों का पुलिस चरित्र सत्यापन उसी दिन कराया जाएगा। इसके लिए मूल अभिलेखों और पहचान संबंधी दस्तावेजों का मिलान किया जाएगा। कार्यालय की ओर से अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजने की प्रक्रिया जारी है। जिन अभ्यर्थियों को अभी तक बुलावा पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, वे जिला कमाण्डेन्ट होमगार्ड्स कार्यालय, गोण्डा से संपर्क कर अपनी निर्धारित तिथि और अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

ये अभिलेख साथ लाना अनिवार्य

स्वास्थ्य परीक्षण और पुलिस चरित्र सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को 12 पासपोर्ट साइज फोटो, 10 रुपये के स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र, मूल अभिलेखों के साथ उनकी एक सेट स्वप्रमाणित छायाप्रति तथा पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस लाना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को शैक्षिक योग्यता आदि से संबंधित प्रमाणपत्रों के मूल दस्तावेज भी साथ रखने होंगे। सभी दस्तावेजों की छायाप्रतियां स्पष्ट और स्वप्रमाणित होनी चाहिए। इसके अलावा कोई अन्य वांछनीय अभिलेख उपलब्ध हो तो उसे भी साथ लाने की सलाह दी गई है।
जिला कमाण्डेन्ट होमगार्ड्स कार्यालय, गोण्डा ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक अभिलेखों के साथ पुलिस लाइन, गोण्डा में उपस्थित होने की अपील की है। अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान अनुशासन बनाए रखने और कार्यालय व संबंधित अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को रिजर्व दिवस का लाभ केवल कार्यालय के निर्देशानुसार ही मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *