पंचायत चुनावों को लेकर धौलपुर पुलिस सतर्क, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गश्त,
1 min readधौलपुर, राजस्थान
आगामी पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और एडीएफ बाड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में जिले के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस द्वारा प्रमुख बाजारों, कस्बों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में पैदल गश्त, वाहन गश्त एवं फ्लैग मार्च किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना है। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली गतिविधियों, अफवाहों और सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं के प्रसार पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या चुनाव में बाधा डालने का प्रयास करने वालों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी। विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

