जमथरा में तालाब की भूमि पर भूमाफियाओं का कब्जा, दिन-दहाड़े हो रहा पक्का निर्माण
1 min readजमथरा में तालाब की भूमि पर भूमाफियाओं का कब्जा, दिन-दहाड़े हो रहा पक्का निर्माण
खतौनी में दर्ज है तालाब, शिकायत के बाद भी लेखपाल और पुलिस मौन, ग्रामीणों में आक्रोश
करनैलगंज (गोंडा)। तहसील करनैलगंज व थाना कौड़िया क्षेत्र के ग्राम जमथरा परगना में तालाब की भूमि पर दबंग भू-माफियाओं द्वारा खुलेआम कब्जा किया जा रहा है।
मामला ग्राम जमथरा के गाटा संख्या 243 का है,जिसका रकबा 0.506 हेक्टेयर है और जो राजस्व खतौनी में स्पष्ट रूप से तालाब के रूप में दर्ज है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी तालाब की भूमि पर दबंग भूमाफिया दिन-दहाड़े अवैध पक्का निर्माण करा रहे हैं। ग्रामीणों ने कई बार हल्का लेखपाल और कौड़िया पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि अवैध कब्जेदारों को राजस्व व पुलिस विभाग के जिम्मेदारों का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
तालाबों पर कब्जा कर पक्का निर्माण करना पर्यावरण और जल संरक्षण कानूनों का खुला उल्लंघन है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी गोंडा से मांग की है कि गाटा संख्या 243 पर हो रहे अवैध पक्का निर्माण को तत्काल प्रभाव से रोकवाकर भू-माफियाओं के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और तालाब की भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए।

