October 9, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

जर्जर कोर्ट भवन से मिलेगी राहत, बाड़ी में अस्थायी न्यायालय परिसर की तलाश तेज,

1 min read
Spread the love

धौलपुर, राजस्थान।

तालाबशाही और कृषि उपज मंडी परिसर का जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया निरीक्षण, नए भवन के निर्माण तक वैकल्पिक स्थान पर चलेगा न्यायालय,

बाड़ी, न्यूज।
बाड़ी के जर्जर न्यायालय भवन में न्यायिक कार्य कर रहे अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और यहां आने वाले आमजन को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। वर्तमान कोर्ट परिसर की खराब स्थिति को देखते हुए न्यायालय को अस्थायी रूप से सुरक्षित भवन में संचालित करने की कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को धौलपुर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव मांगों ने बाड़ी पहुंचकर अस्थायी न्यायालय परिसर के लिए दो संभावित स्थानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तालाबशाही के पास स्थित स्थान तथा कृषि उपज मंडी परिसर का जायजा लिया गया। दोनों स्थानों की उपयुक्तता का आकलन करने के बाद किसी एक स्थान का चयन कर उसे अंतिम रूप दिया जाएगा। नए न्यायालय भवन का निर्माण पूरा होने तक न्यायिक कार्य अस्थायी परिसर में संचालित करने की योजना है।

सुरक्षा के मद्देनजर उठाया कदम,

वर्तमान न्यायालय भवन की जर्जर स्थिति लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। ऐसे में न्यायालय परिसर में प्रतिदिन आने वाले अधिवक्ताओं, न्यायिक कर्मचारियों और परिवादियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। अस्थायी परिसर तैयार होने से जहां लोगों को जर्जर भवन में बैठकर न्यायिक कार्य करने की परेशानी से राहत मिलेगी, वहीं न्यायालय के कामकाज को भी सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान अधिवक्ता रहे मौजूद,

इस दौरान बाड़ी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्येंद्र जादौन, सचिव जीतेन्द्र चौहान, संयुक्त सचिव विपिन गर्ग, इमरान चौधरी, राकेश अजर, रूप सिंह किलेदार, बाड़ी नगरपालिका के उपाध्यक्ष रवि पचौरी, जगन लाल और रामचन्द्र यादव सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
अब अस्थायी न्यायालय परिसर के लिए दोनों स्थानों में से उपयुक्त जगह के चयन पर नजर रहेगी। स्थान तय होने के बाद नए न्यायालय भवन का निर्माण पूरा होने तक न्यायिक कार्यों के संचालन का रास्ता साफ हो सकेगा।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *