October 8, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

सेवा सेतु’ शिविर में लंबित पत्रावलियों का निस्तारण, लाभार्थियों को हाथों-हाथ मिले पट्टे,

1 min read
Spread the love

धौलपुर, राजस्थान
एक ही छत के नीचे समाधान:

‘सेवा सेतु’ शिविर में लंबित पत्रावलियों का निस्तारण, लाभार्थियों को हाथों-हाथ मिले पट्टे,

धौलपुर, ।
आमजन को नगर परिषद से जुड़ी सेवाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने और लंबित प्रकरणों का मौके पर ही समाधान करने की दिशा में नगर परिषद धौलपुर की ओर से ‘सेवा सेतु अभियान-2026’ के तहत मचकुण्ड रोड स्थित टाउन हॉल में एक दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चले शिविर में बड़ी संख्या में शहरवासी विभिन्न कार्यों को लेकर पहुंचे, जहां अधिकारियों एवं कार्मिकों ने प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की।
शिविर का शुभारंभ नगर परिषद सभापति गिरीश गर्ग एवं आयुक्त विष्णु परमार की मौजूदगी में हुआ। इस दौरान लंबे समय से लंबित पत्रावलियों का परीक्षण कर पात्र लाभार्थियों को नियमन पट्टे एवं आवश्यक दस्तावेज मौके पर ही सौंपे गए। पट्टे हाथ में आते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी नजर आई और उन्होंने शिविर को आमजन के लिए उपयोगी पहल बताया।
सभापति गिरीश गर्ग ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप नगर परिषद का प्रयास है कि आमजन को अपने जायज कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। ‘सेवा सेतु अभियान’ का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच दूरी कम करते हुए जनसमस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए परिषद पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
वहीं नगर परिषद आयुक्त विष्णु परमार ने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए। शिविर में नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति, सफाई व्यवस्था, विभिन्न प्रमाण-पत्रों सहित नगर परिषद से संबंधित अन्य कार्यों को प्राथमिकता से लिया गया।
शिविर में मुख्य स्वच्छता निरीक्षक (CSI) विकास श्रीवास्तव, कनिष्ठ अभियंता (JEN) दीपक गोयल, अविनाश गर्ग, पार्षद रेखा विजय शर्मा, रामहरी शर्मा, मनोज गोयल, बृजेश सोनी सहित नगर परिषद के तकनीकी अधिकारी, शाखा प्रभारी, कर्मचारी एवं शहर के बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।
खास बात यह रही कि शिविर के माध्यम से वर्षों से लंबित कार्यों को गति मिलने के साथ पात्र लोगों को उनके दस्तावेज मौके पर उपलब्ध कराए गए, जिससे ‘सेवा सेतु अभियान’ आमजन के लिए राहत और समाधान का माध्यम बनता नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *