इको क्लब की पहल, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
1 min read
इब्राहिमाबाद।
कंपोजिट स्कूल इब्राहिमाबाद के इको क्लब के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर से आगे बढ़कर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों ने नाटक, गीत और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ जीवनशैली का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने महिलाओं को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के महत्व की जानकारी दी। बच्चों ने बताया कि कचरे को स्रोत पर ही अलग करने से गीले कचरे से खाद बनाने तथा सूखे कचरे के पुनर्चक्रण में मदद मिलती है। साथ ही कचरे को खुले में फेंकने और जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में भी समझाया।
जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए विद्यार्थियों ने कचरा प्रबंधन पर शिक्षाप्रद नाटक प्रस्तुत किया। इसमें हरे कूड़ेदान में गीला और नीले कूड़ेदान में सूखा कचरा डालने का संदेश दिया गया। इसके अलावा संचारी रोगों से बचाव के लिए जागरूकता गीत प्रस्तुत कर हाथों की सफाई, स्वच्छ पानी और आसपास की सफाई पर जोर दिया गया।
बच्चों ने महिलाओं को 3R—Reduce, Reuse और Recycle यानी कम उपयोग, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण की अवधारणा भी समझाई। कार्यक्रम का संचालन इको क्लब प्रभारी श्रीमती तनु के निर्देशन में हुआ।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती यशोदा कुमारी ने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश परिवार तथा समुदाय तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। इको क्लब की यह पहल विद्यालय से समाज तक जागरूकता पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही।

