पति-पत्नी ने की आत्महत्या, इलाके में सनसनी
1 min readधौलपुर में पति-पत्नी ने की आत्महत्या, इलाके में सनसनी
अशोक विहार कॉलोनी स्थित अपार्टमेंट की घटना, पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे
धौलपुर। निहालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पटियाला बाग गुरुद्वारा रोड स्थित अपार्टमेंट (अशोक विहार कॉलोनी) में पति-पत्नी द्वारा आत्महत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दंपती द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी वैभव शर्मा, सीओ प्रदीप और निहालगंज थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की उम्र करीब 35 वर्ष थी और वह मूल रूप से करौली जिले के नादौती क्षेत्र का रहने वाला था। मृतक यूनाइटेड इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत था और धौलपुर में अपनी पत्नी के साथ अपार्टमेंट में रह रहा था।
घटना की सूचना पर भारी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों को मामले की सूचना दे दी गई है।
दंपती ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो पाया है। एडिशनल एसपी वैभव शर्मा के अनुसार, पुलिस मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच कर रही है। परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
।।धौलपुर राजस्थान से विजय शर्मा की रिपोर्ट।।

