कंपोजिट स्कूल जलालपुर ने फिर बढ़ाया सरकारी शिक्षा का मान, नवोदय में विराट का चयन
1 min read
गोंडा, अलीगढ़।
कौन कहता है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का स्तर बेहतर नहीं होता? कंपोजिट स्कूल जलालपुर, विकासखंड गोंडा, अलीगढ़ के शिक्षक और विद्यार्थी अपनी मेहनत से इस सोच को लगातार बदलने का प्रयास कर रहे हैं। विद्यालय के विद्यार्थियों ने शैक्षिक उपलब्धियों के क्षेत्र में एक बार फिर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
शैक्षिक सत्र 2026-27 में जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा 9 में प्रवेश के लिए जिले में मात्र तीन सीटें उपलब्ध थीं। इन सीमित सीटों के लिए सरकारी और निजी विद्यालयों के अनेक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। कंपोजिट स्कूल जलालपुर के शिक्षकों का लक्ष्य अपने विद्यालय के विद्यार्थी का चयन कराना था, जिसमें विद्यालय सफल रहा।
विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र विराट विरथरे ने सामान्य वर्ग में प्रथम रैंक प्राप्त कर जवाहर नवोदय विद्यालय में स्थान सुनिश्चित किया। विराट पूर्व में विज्ञान एवं गणित ओलंपियाड में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुका है। जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रशासनिक प्रक्रिया के कारण प्रवेश में कुछ समय लगा, लेकिन अब विराट की सीट कन्फर्म हो गई है।
विद्यालय से पूर्व में भी कक्षा छह में एक विद्यार्थी का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय सुजानपुर में हो चुका है। इस वर्ष विद्यालय के दो विद्यार्थियों ने NMMS परीक्षा में टॉप-10 में स्थान बनाया है। वहीं इंस्पायर अवार्ड के लिए भी विद्यालय के विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
विद्यालय की खास उपलब्धि यह है कि यहां अध्ययनरत कोई भी बच्चा निजी ट्यूशन नहीं लेता। विद्यार्थियों की शैक्षिक तैयारी के लिए विद्यालय में अतिरिक्त कक्षाएं भी संचालित की जा रही हैं। वर्तमान में कक्षा छह के विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं चलाकर उनकी नींव मजबूत की जा रही है।
इंचार्ज प्रधानाध्यापक सतेंद्र सिंह एवं विद्यालय का पूरा स्टाफ विद्यार्थियों की सफलता के लिए निरंतर मेहनत कर रहा है। वहीं जवाहर नवोदय विद्यालय, NMMS और इंस्पायर अवार्ड की तैयारी कराने वाले शिक्षक गोपाल प्रसाद विद्यार्थियों को नियमित मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। विद्यालय की उपलब्धियां सरकारी शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और शिक्षक-विद्यार्थी के निरंतर प्रयास का उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं।



