नगर परिषद के सभापति ने जनसेवा से जुड़ा लिया महत्वपूर्ण निर्णय
1 min readधौलपुर राजस्थान।
धौलपुर सभापति गिरीश कुमार गर्ग लेंगे सिर्फ ₹1 वेतन,

निजी गाड़ी से करेंगे सरकारी कामकाज
नगर परिषद के संसाधनों पर अनावश्यक भार नहीं डालने का निर्णय, जनसेवा की भावना को लेकर शहर में चर्चा,
धौलपुर, न्यूज।
धौलपुर नगर परिषद के सभापति ने जनसेवा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मात्र एक रुपए वेतन लेकर अपनी सेवाएं देने की बात कही है। साथ ही उन्होंने नगर परिषद के वाहन का उपयोग करने के बजाय अपनी निजी गाड़ी से कामकाज करने का निर्णय लिया है। उनके इस फैसले को लेकर शहर में चर्चा है।
सभापति गर्ग का कहना है कि पद उनके लिए सुविधाएं हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि शहर और जनता की सेवा करने की जिम्मेदारी है। एक रुपए वेतन लेने के निर्णय के साथ निजी वाहन का उपयोग करने से नगर परिषद के संसाधनों पर अतिरिक्त आर्थिक भार कम करने का संदेश भी सामने आया है।
उनके इस निर्णय को लेकर शहर के नागरिकों की ओर से सराहना व्यक्त की जा रही है। नागरिकों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा पद के साथ मिलने वाली सुविधाओं के बजाय जनहित और जिम्मेदारी को प्राथमिकता देने की पहल समाज में सकारात्मक संदेश देती है।
नागरिकों ने दी सभापति को शुभकामनाएं।
धौलपुर शहर के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और नगर परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर सभापति के इस निर्णय को जनसेवा की भावना से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र पाराशर, गिरीश पाराशर, अग्रवाल समाज के वरिष्ठ मुन्नालाल मंगल, ब्राह्मण समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ अमरीश पचौरी, सरपंच बौहरे महेश शर्मा सहित नागरिकों ने सभापति गिरीश कुमार गर्ग को उनके इस निर्णय के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो
