September 21, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

सांसद चंद्रशेखर आजाद को गाली-गलौज, जातिसूचक टिप्पणी करने पर दो युवतियों पर एफआईआर

1 min read
Spread the love

सांसद चंद्रशेखर आजाद को गाली-गलौज, जातिसूचक टिप्पणी करने पर दो युवतियों पर एफआईआर, बोलीं- गोंडा आने से डर गए क्या

सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर दी गोंडा आने की चुनौती, कहा- सुधर जाओ, हम मुकदमे से नहीं डरते; कौड़िया थाने में केस दर्ज, जांच सीओ करनैलगंज को सौंपी गई

गोण्डा। भीम आर्मी चीफ और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अभद्र, अपमानजनक और जातिसूचक टिप्पणी करने के मामले में गोण्डा पुलिस ने दो सोशल मीडिया क्रिएटर युवतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक दोनों युवतियों ने 18 सितंबर को इंस्टाग्राम/फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो वायरल होने के बाद शनिवार रात करीब 11:30 बजे कौड़िया थाने के सब-इंस्पेक्टर योगेंद्र यादव की तहरीर पर दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

1 मिनट 25 सेकेंड के वीडियो में दी चुनौती

वायरल हो रहे करीब 1 मिनट 25 सेकेंड के वीडियो में दोनों युवतियां अपना नाम पल्लवी और काजल बताती नजर आ रही हैं। वीडियो में वे चंद्रशेखर आजाद के गोंडा न आने को लेकर सवाल उठाती हैं और उन्हें गोंडा आकर दिखाने की खुली चुनौती देती हैं। वीडियो में दोनों यह भी कहती हैं कि “हम मुकदमे से नहीं डरते” और “सुधर जाओ” जैसी बातें कहते हुए सांसद के लिए कथित तौर पर अभद्र और जातिसूचक भाषा का प्रयोग करती हैं।

विनोद साहनी हत्याकांड से जुड़ा है मामला

बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद 9 सितंबर की रात हुए बर्तन कारोबारी विनोद साहनी हत्याकांड से जुड़ा है। दुकान बंद कर घर लौट रहे विनोद पर हमला हुआ था, बाद में लखनऊ केजीएमयू में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। शव गोण्डा पहुंचने पर परिजनों ने प्रदर्शन किया था, यहां तक कि मंत्री संजय निषाद भी धरने पर बैठ गए थे। करीब पांच घंटे हंगामे के बाद मामला शांत हुआ था।

इसी हत्याकांड के बाद सांसद चंद्रशेखर आजाद 13 सितंबर को गोण्डा आने के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस ने उनके काफिले को बाराबंकी के रामनगर में ही रोक दिया था। इसके बाद उन्होंने 17 सितंबर को गोण्डा आने का ऐलान किया था, जो बाद में रद्द हो गया। पुलिस के अनुसार इसी घटनाक्रम के बाद 18 सितंबर को दोनों युवतियों ने यह वीडियो पोस्ट किया।

पुलिस के अनुसार एक युवती पल्लवी शुक्ला, निवासी बौनापुर थाना कौड़िया बाजार और दूसरी काजल सिंह, निवासी मर्दन पुरवा थाना इटियाथोक की रहने वाली है। दोनों इंस्टाग्राम-फेसबुक पर डांस व अन्य वीडियो बनाती हैं। पल्लवी के फेसबुक पर करीब 42 हजार और काजल के करीब 12 हजार फॉलोअर बताए जा रहे हैं।

सीओ करनैलगंज को सौंपी जांच

वीडियो सामने आने के बाद भीम आर्मी समर्थकों में भारी नाराजगी देखी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच सीओ करनैलगंज आनंद राय को सौंप दी है। पुलिस वीडियो की सत्यता और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *