2027 के चुनाव को लेकर सपा ने तेज की तैयारी, बैजनाथ दुबे के समर्थन में जुटे कार्यकर्ता
1 min readकटरा बाजार में 2027 के चुनाव को लेकर सपा ने तेज की तैयारी, बैजनाथ दुबे के समर्थन में जुटे कार्यकर्ता
विनोद शुक्ला बोले- हम सभी लोग बैजनाथ दुबे के साथ हैं, इस बार कटरा में परिवर्तन निश्चित
कटराबाजार गोंडा। विधानसभा क्षेत्र कटरा बाजार में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जोन दुबहा बाजार के सेक्टर कटुवानाला एवं नरायनपुर कला के बूथों की संयुक्त बूथ कमेटी बैठक जनता विद्यालय रायपुर में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सपा विधानसभा अध्यक्ष वकार खां, सपा नेता विनोद शुक्ला तथा अधिवक्ता सभा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद शुक्ला एडवोकेट मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं आयोजन पूर्व प्रधान रामप्रकाश पाण्डेय ने किया। संचालन विधानसभा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अर्जुन प्रसाद गोस्वामी ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में तानाशाही का माहौल है, गरीबों की समस्याएं नहीं सुनी जा रही हैं और लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने महंगाई और टैक्स वसूली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने अपने विधायक कार्यकाल का जिक्र करते हुए क्षेत्र में पुल, सड़क और विद्यालयों की स्थापना सहित कराए गए विकास कार्यों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उनके लिए मां के समान है और कार्यकर्ता तथा क्षेत्र की जनता उनके परिवार की तरह हैं। अखिलेश यादव समानता की विचारधारा के साथ सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाले नेता हैं। सपा विधानसभा अध्यक्ष वकार खां ने कहा कि चुनाव हारने के बाद भी बैजनाथ दुबे लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहे और जनता के सुख-दुख में शामिल होते रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में बैजनाथ दुबे कटरा बाजार से विधायक बनकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे। वहीं सपा नेता विनोद शुक्ला ने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा,मैं बैजनाथ दुबे के साथ हूं और कदम से कदम मिलाकर चलूंगा। पार्टी में वरिष्ठता के क्रम में वह सबसे वरिष्ठ हैं। आगामी चुनाव में हम सभी उनके मार्गदर्शन में काम करेंगे। हमारे कार्यकर्ता और सपा के साथी इस बार कटरा में बदलाव के लिए कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।उन्होंने भाजपा सरकार पर धार्मिक भावनाओं के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनेगी। अधिवक्ता सभा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद शुक्ला ने भी भाजपा विधायक पर जमीन कब्जाने और दुकानदारों को उजाड़ने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जनता इस बार बैजनाथ दुबे के समर्थन में खड़ी है और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प ले चुकी है। बैठक में राष्ट्रीय सचिव रामकुमार शुक्ला, लेखराज यादव, अशोक तिवारी, रूपनारायण प्रजापति सहित अन्य नेताओं ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान भगवान प्रसाद दीक्षित, संतोष शुक्ला, पप्पू शुक्ला, मुन्ना सिंह, हृदयराम यादव, राजन तिवारी, कपिल दुबे, लल्लन शुक्ला, सत्यप्रकाश मिश्रा, फतेह बहादुर सिंह, रामनाथ चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

