August 30, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

विद्युत उपकेंद्र पर हंगामा, कर्मचारियों से अभद्रता और जबरन फीडर बंद कराने का आरोप

1 min read
Spread the love

विद्युत उपकेंद्र पर हंगामा, कर्मचारियों से अभद्रता और जबरन फीडर बंद कराने का आरोप

कटरा बाजार, गोण्डा। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कटरा ग्रामीण पर शुक्रवार रात कुछ लोगों द्वारा हंगामा करने, संविदाकर्मियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट का प्रयास करने तथा दबाव बनाकर विद्युत फीडर बंद कराने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में अवर अभियंता आदर्श कुमार की ओर से थाना कटरा बाजार पुलिस को तहरीर देकर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की गई है।
तहरीर के मुताबिक, 28 अगस्त की रात करीब 8:44 बजे विद्युत उपकेंद्र कटरा ग्रामीण के रात्रि शिफ्ट में एसएसओ स्टाफ सुधांशु मिश्रा और राहुल गौतम (संविदाकर्मी) ड्यूटी पर तैनात थे, एवं लाइनमैन के रूप में अर्जुन शुक्ला मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान पवन कुमार दूबे उर्फ गोगे, राजकुमार उर्फ कल्लू और राजन कुमार समेत करीब आठ- दस अन्य अज्ञात लोग विद्युत उपकेंद्र पर पहुंच गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त लोगों ने वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और मारपीट करने का प्रयास किया व धमकी दी। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि उपकेंद्र पर मौजूद कर्मचारियों पर दबाव बनाकर सभी फीडरों को जबरन बंद कराया गया। इसके साथ ही विद्युत उपकेंद्र पर सरकारी लॉगशीट व सीयूजी मोबाईल के साथ ही साथ अन्य सरकारी महत्वपूर्ण कागजात एवं संपत्ति को नुक़सान पहुंचाते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न किया गया। घटना के चलते विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई और काफी देर तक बिजली बाधित रही। शिकायत के अनुसार, विद्युत आपूर्ति बाधित होने से उपकेंद्र से जुड़े करीब 17,233 उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिससे आम जनमानस में विभाग की छवि धूमिल हुई। विद्युत विभाग का कहना है कि इस प्रकार की घटना से न केवल कर्मचारियों की सुरक्षा प्रभावित होती है, बल्कि सरकारी कार्य भी बाधित होता है और बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्या का सामना करना पड़ता है। अवर अभियंता आदर्श कुमार ने थाना प्रभारी से मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *