मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल, योग और पौधों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम
1 min read
जहाँनगढ़, अलीगढ़।
हॉकी के जादूगर एवं महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में कंपोजिट विद्यालय जहाँनगढ़, ब्लॉक टप्पल, जिला अलीगढ़ में विभिन्न खेल गतिविधियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक योग, पीटी तथा विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियों में प्रतिभाग किया।
खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। शिक्षकों ने बच्चों को खेलों के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि खेल हमारे शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय में आज ‘नो बैग डे’ भी मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों को कक्षा की नियमित पढ़ाई से अलग मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों से जोड़ा गया। बच्चों को औषधीय पौधों तथा फलदार पौधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि तुलसी, एलोवेरा, हल्दी सहित विभिन्न औषधीय पौधे स्वास्थ्य के लिए किस प्रकार लाभदायक हैं। वहीं आम, अमरूद, नींबू आदि फलदार पौधों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।
बच्चों ने पौधों की उपयोगिता से संबंधित गतिविधियों में बेहद रोचक तरीके से भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, प्रकृति प्रेम एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना रहा।

