आदर्श आचरण संहिता की पालना के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक का हुआ आयोजन,
1 min readधौलपुर
नगरीय निकायों के आम चुनाव 2026 घोषित होने के साथ ही आदर्श आचरण संहिता लागू हो गई है। आदर्श आचरण संहिता की पालना कराने के लिए उपजिला निर्वाचन अधिकारी हरिराम मीना की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक का आयोजन किया। बैठक में उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल द्वारा ऐसा कोई कार्य नहीं किया जाए जिससे किसी धर्म, सम्प्रदाय व जाति के लोगों की भावना को ठेस पहुॅचें। उन्होंने कहा कि मत प्राप्त करने के लिए धार्मिक, साम्प्रदायिक या जातीय भावनाओं का सहारा नहीं लें तथा चुनाव प्रचार के लिए किसी पूजा-स्थल मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, गिरजाघर आदि का उपयोंग नहीं करें। उन्होंने कहा कि मतदान समाप्ति के लिए नियत समय पर पूरी होने वाली 48 घंटे के अवधि के दौरान सार्वजनिक सभा, चुनाव में गड़बड़ी या विघ्न डालना, मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक लाने व ले जाने के लिए वाहनों का उपयोग नहीं करें। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने दल या उम्मीदवारों को किसी व्यक्ति की भूमि, भवन, अहाते, दीवार आदि पर चुनाव प्रतीक, ध्वज, पोस्टर, नारे लेखन, बैनर आदि उसकी बिना अनुमति के उपयोग ना करें। जिससे किसी प्रकार का तनाव उत्पन्न ना हो। राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों द्वारा आयोजित सभाओं एवं जुलूसों में बाधा उत्पन्न नहीं करें और न ही अन्य दलों अथवा उम्मीदवारों द्वारा आयोजित सार्वजनिक सभाओं में मौखिक व लिखित रूप से प्रश्न पूछकर कोई विघ्न पैदा नहीं करें। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की है कि सभी जिला प्रशासन का सहयोग करें। जिससे नगरीय निकाय चुनाव निष्पक्ष, निर्विघ्न, भयमुक्त व शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो। इस अवसर पर आम आदमी पाटी के जिला सचिव पंकज शर्मा, बसपा के जिला अध्यक्ष प्रवीण भास्कर, संगठन महामंत्री कांग्रेस साकेत बिहारी सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

