क्षतिग्रस्त पुलिया दे रही हादसों को दावत, जिम्मेदार अधिकारी मौन
1 min readक्षतिग्रस्त पुलिया दे रही हादसों को दावत, जिम्मेदार अधिकारी मौन
अंधे मोड़ के पास बनी पुलिया की हालत जर्जर, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
कर्नलगंज/हलधरमऊ, गोंडा। तहसील क्षेत्र के विकास खंड हलधरमऊ अन्तर्गत गोण्डा- लखनऊ हाईवे से चकसनिया संपर्क मार्ग पर सोनहरा डीहा गांव के पास नाले पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिया की हालत इतनी खराब है कि यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागीय अधिकारी समस्या को लेकर मौन हैं। अधिकारियों की उदासीनता के चलते यह क्षतिग्रस्त पुलिया किसी बड़े हादसे को दावत दे रही है।
सोनहरा गांव के प्रधान प्रमोद पांडेय ने बताया कि पुलिया के पास सड़क पर अंधा मोड़ है, जहां सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते हैं। ऐसे में क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिया की मरम्मत कराने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत की जाएगी।
वहीं, पुलिया की बदहाल स्थिति और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों आशुतोष मिश्रा दर्शन, दुर्गा प्रसाद, बलराम मिश्रा, अजय मिश्र, रोहित तिवारी, जितेंद्र तिवारी और कमल कुमार शुक्ला सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से जल्द पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी संभावित बड़े हादसे को रोका जा सके।

