अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका और यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई, दुकानदारों को दी चेतावनी
1 min readबांदा।
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए बुधवार को नगर पालिका परिषद एवं यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान मवाई बाईपास चौराहे से सेंट जेवियर स्कूल के आगे तक सड़क किनारे पट्टियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे वांस, बगली, टट्टर, ईंट, गिट्टी, बालू, सीमेंट सहित अन्य निर्माण सामग्री रखकर रास्ते पर कब्जा करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में दोबारा सड़क की पट्टियों अथवा किनारे पर अतिक्रमण किया गया तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका एवं यातायात विभाग की टीम ने लोगों से अपील की कि सड़क और उसके किनारे निर्धारित स्थान को अतिक्रमण मुक्त रखें, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
गौरतलब है कि शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आए दिन यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। इसी को देखते हुए नगर पालिका बांदा एवं यातायात विभाग द्वारा अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई और सड़क किनारे का अतिक्रमण हटाया गया।
अभियान के दौरान ईओ नगर पालिका श्रीचंद चौधरी, यातायात प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह सहित दोनों विभागों की टीमें मौजूद रहीं। अधिकारियों
ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

