सपा 2027 में प्रचंड बहुमत से बनेगी सरकार, अम्बेडकरनगर की पांचों सीटों पर फिर लहराएगा लाल-हरा परचम
1 min readसपा का दावा
2027 में प्रचंड बहुमत से बनेगी सरकार, अम्बेडकरनगर की पांचों सीटों पर फिर लहराएगा लाल-हरा परचम
त्रिभुवनदत्त का भाजपा पर तीखा हमला—जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त, बेलगाम हो गई अफसरशाही
महंगाई-बेरोजगारी ने तोड़ी आम आदमी की कमर, गरीबों के हक पर डाका डालने का लगाया आरोप
आलापुर।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं आलापुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र के विधायक त्रिभुवनदत्त ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए बड़ा राजनीतिक दावा किया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी सूबे में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और अम्बेडकरनगर जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर एक बार फिर समाजवादी पार्टी का कब्जा होगा।

बुधवार देर शाम पत्रकारों से बातचीत में विधायक त्रिभुवनदत्त ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार की जनविरोधी नीतियों से आम जनता बुरी तरह परेशान है। उनका आरोप था कि प्रदेश में अफसरशाही पूरी तरह निरंकुश और बेलगाम हो चुकी है। जनता की समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण के बजाय कई मामलों में न्याय और अन्याय की अनदेखी कर फैसले किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
गरीबों के हक पर चोट का आरोप
सपा विधायक ने कहा कि गरीब और कमजोर तबका लगातार परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों का हक मारा जा रहा है और उन्हें शासन की योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि जब व्यवस्था में आम आदमी की सुनवाई नहीं होगी तो उसके भीतर स्वाभाविक रूप से आक्रोश पैदा होगा।
उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई और बेरोजगारी के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है, जबकि रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। युवा वर्ग रोजगार के लिए भटक रहा है और आम आदमी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहा है।
‘यही हाल रहा तो आम आदमी को कफन तक नसीब नहीं होगा’
भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधते हुए त्रिभुवनदत्त ने बेहद तल्ख अंदाज में कहा कि महंगाई और बेरोजगारी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि यही हाल रहा और भाजपा की सरकारें आगे भी चलती रहीं तो ठठरी हो चुके आम आदमी को कफन तक नसीब नहीं हो पाएगा।
अम्बेडकरनगर की पांचों सीटों पर सपा की वापसी का दावा
विधायक ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा के पक्ष में मजबूत माहौल होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि अम्बेडकरनगर समाजवादी पार्टी का मजबूत जनाधार वाला जिला रहा है और आने वाले चुनाव में जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर पार्टी अपना परचम लहराएगी।
उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार की नीतियों और अपने सामने मौजूद समस्याओं के आधार पर फैसला करेगी। सपा नेता ने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव के मूड में है और आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी को इसका लाभ मिलेगा।
इस दौरान एडवोकेट राहुल दत्त यशवर्धन, गोबिंद गौतम, रहमुल्ला खान, रामप्यारे निषाद, एडवोकेट अजय कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।
