अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, देशी शराब से भरी बोलेरो मैक्स पिकअप जब्त, चालक गिरफ्तार,
1 min readमनिया, धौलपुर
जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे राज्य स्तरीय अभियान के तहत दिहौली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 300 कार्टून में भरे 14,400 पव्वे देशी शराब से लदी एक बोलेरो मैक्स पिकअप को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक रामअवतार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यह अवैध शराब धौलपुर से राजाखेड़ा की ओर सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने वाहन सहित पूरी शराब की खेप को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सुपरविजन में दिहौली थाना प्रभारी अशोक कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने सघन नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान यह अब तक की सबसे बड़ी जब्ती मानी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप किसके इशारे पर भेजी जा रही थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

