स्थानीय नेताओं की राजनीति का शिकार हुआ महामंत्री का पद
1 min readस्थानीय नेताओं की राजनीति का शिकार हुआ महामंत्री का पद
सपा में दो बार के जिला महामंत्री बख्तियार खान की वरिष्ठता को दरकिनार किया गया
अयोध्या।
समाजवादी पार्टी ने बुधवार को अयोध्या जिले की 91 सदस्यीय जिला कमेटी घोषित की। कमेटी में एक जिला अध्यक्ष के साथ तीन जिला महामंत्री बनाए गए हैं। पार्टी के संविधान के मुताबिक, जिला कमेटी में एक अध्यक्ष और एक महामंत्री हमेशा से नियुक्त होते रहे हैं। इस बार जिला अध्यक्ष एक ही हैं, जबकि महामंत्री के पद पर बख्तियार खान, स्वामीनाथ वर्मा और एजाज खान को जिम्मेदारी दी गई है। इस बार महामंत्री का पद स्थानीय नेताओं की राजनीति का शिकार हो गया और पार्टी संविधान को दरकिनार करते हुए जिला महामंत्री के पद पर तीन लोगों को जिम्मेदारी दी गई।
बताते चलें कि मौजूदा समय निवर्तमान जिला महामंत्री के रूप में वरिष्ठ नेता बख्तियार खान कार्य कर रहे थे। उन्होंने जिलाध्यक्ष रहे गंगा सिंह यादव और पारसनाथ यादव के कार्यकाल में भी यह जिम्मेदारी बेहतरीन ढंग से संभाली थी। वे पिछले कई साल से जिला महामंत्री के पद पर काम कर रहे थे।जिले के अधिकतर नेताओं विशेष कर मुस्लिम वर्ग का कहना है कि कमेटी में तीन महामंत्री बनाए जाने से उनकी वरिष्ठता को नजरअंदाज किया गया है। उनका मानना है कि मुस्लिम समुदाय से आने वाले वरिष्ठ नेता बख्तियार खान को प्रमोट करते हुए प्रमुख महासचिव भी बनाया जा सकता था।
समाजवादी पार्टी के नेताओं में चर्चा है कि अयोध्या जिला कमेटी की तर्ज पर क्या अयोध्या महानगर और प्रदेश के अन्य जिलों में भी तीन महामंत्री बनाए जाएंगे।

