मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने धौलपुर के विकास कार्यों को दी नई रफ्तार
1 min readधौलपुर को विकास की नई रफ्तार: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ₹177 करोड़ की 17 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, कई नई घोषणाओं से राजाखेड़ा को मिली बड़ी सौगात
धौलपुर/राजाखेड़ा
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को राजाखेड़ा क्षेत्र की फूलपुर ग्राम पंचायत में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान धौलपुर जिले को लगभग ₹177 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 17 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि राज्य सरकार धौलपुर के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेगी और जनता की हर जरूरत के अनुसार बजट उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री के “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए किसान, महिला, युवा, मजदूर और आमजन के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बीते ढाई वर्षों में धौलपुर जिले में लगभग ₹2,000 करोड़ के विकास कार्य कराए गए हैं और आगे भी विकास की गति इसी तरह जारी रहेगी।
सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने फूलपुर खेल मैदान के विकास के लिए ₹2.50 करोड़, राजाखेड़ा में मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण, पार्वती नदी पर पुल, कृषि उपज मंडी के लिए 37 बीघा भूमि आवंटन, रैहनावाली एवं लाठवाली माता मंदिरों के जीर्णोद्धार, नए आयुर्वेद औषधालय, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
इस अवसर पर लगभग ₹155 करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें मनियां में 220 केवी जीएसएस, नए विद्युत उपकेंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट, रामसागर सिंचाई परियोजना का पुनर्निर्माण, एनिकट निर्माण तथा नए पुलिस थाना और चौकियों की स्थापना प्रमुख रही। वहीं करीब ₹21 करोड़ की लागत से पार्वती बांध के पुनर्निर्माण, जिला औषधि भंडार और उद्यानिकी विभाग कार्यालय भवन का शिलान्यास भी किया गया।
गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकसित राजस्थान का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है और सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त नलिनी कठौतिया, जिला कलक्टर श्रीनिधि बी.टी., पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए.एन. सोमनाथ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के आगमन पर पूरे सभा स्थल पर उत्साह का माहौल रहा और विकास योजनाओं की घोषणाओं का लोगों ने तालियों से स्वागत किया।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

