July 28, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ₹176.95 करोड़ की 17 परियोजनाओं का किया शिलान्यास-लोकार्पण

1 min read
Spread the love


धौलपुर/राजाखेड़ा।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को धौलपुर जिले के मनियां फूलपुर स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान जिले को ₹176.95 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम में 14 विकास कार्यों का लोकार्पण और 3 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास, सड़क, स्वास्थ्य और धार्मिक पर्यटन को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
इस अवसर पर ₹6.72 करोड़ की लागत से बनने वाले जिला औषधि भंडार भवन का शिलान्यास भी किया गया। मुख्यमंत्री ने राजाखेड़ा क्षेत्र के रैहना वाली माता मंदिर एवं लाठ वाली माता मंदिर के जीर्णोद्धार, कृषि उपज मंडी के लिए भूमि आवंटन, नागर-उटगन नदी पर पुल निर्माण, जिला सड़क विकास तथा मनियां फूलपुर मैदान के विकास के लिए ₹2.50 करोड़ उपलब्ध कराने की घोषणा की।
सभा में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बैडम, जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी रही। पूर्व विधायक मनोरमा सिंह ने चंबल लिफ्ट योजना को शीघ्र शुरू कराने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ और विशाल माला पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस अधीक्षक विकास सागवान के निर्देशन में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का संचालन किया। सभा में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *