चंबल बजरी माफिया पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 24 घंटे निगरानी; घाटों से हाईवे तक सख्त पहरा
1 min readचंबल बजरी माफिया पर धौलपुर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 24 घंटे निगरानी; घाटों से हाईवे तक सख्त पहरा,
धौलपुर, राजस्थान
प्रतिबंधित चंबल बजरी के अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए धौलपुर जिला प्रशासन ने अभियान और तेज कर दिया है। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी एवं पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में पुलिस, वन एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। जिले के संवेदनशील क्षेत्रों, चंबल नदी के घाटों और संभावित परिवहन मार्गों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर सरमथुरा से लेकर राजाखेड़ा तक सभी संबंधित थाना क्षेत्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संयुक्त टीमें दिन-रात गश्त कर रही हैं और अवैध खनन व परिवहन की हर गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। किसी भी संदिग्ध सूचना पर टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई कर रही हैं।
अभियान के तहत संदिग्ध वाहनों की सघन जांच, दस्तावेजों का सत्यापन तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। अवैध बजरी परिवहन में प्रयुक्त वाहनों की पहचान कर उन्हें जब्त करने और संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से जिले के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अस्थायी चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेक पोस्टों पर पुलिस बल की चौबीसों घंटे तैनाती की गई है, जिससे बजरी माफियाओं की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चंबल बजरी के अवैध खनन और परिवहन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

