सूचना सहायक आदित्य शर्मा को दी भावभीनी विदाई,
1 min readधौलपुर, राजस्थान
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में कार्यरत सूचना सहायक आदित्य शर्मा के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में बुधवार को विभागीय कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में सहायक निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क राजकुमार मीना ने शर्मा के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का सदैव निष्ठा, समर्पण एवं व्यावसायिक दक्षता के साथ निर्वहन किया। विभागीय गतिविधियों के प्रभावी संचालन, जनसंपर्क कार्यों तथा सोशल मीडिया समन्वय में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उनके सरल, सौम्य एवं सहयोगी व्यवहार की सभी ने प्रशंसा की।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने शर्मा का साफा, माला एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं नवीन पदस्थापन स्थल पर सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
अपने उद्बोधन में आदित्य शर्मा ने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में कार्य करना उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव रहा। उन्होंने सभी से मिले सहयोग, मार्गदर्शन एवं स्नेह के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में प्रदीप किशोर जोनवाल, सुधांशु सक्सैना, जसराम, देवेन्द्र सिंह एवं तोताराम उपस्थित रहे।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

